जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, शिक्षा के प्रति दिखा उत्साह

लोकेशन: शिवरीनारायण, जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: मुरली नायर / मोबाइल नंबर : 97701 48565
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी रही। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें स्कूल बैग, गणवेश, जूते, मोजे एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।








कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, स्कूल बैग, जूते, मोजे और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। पालकों से बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील भी की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड नवागढ़ और पामगढ़ के शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन के बाद सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया और अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रवेशोत्सव का उद्देश्य केवल नए विद्यार्थियों का स्वागत करना ही नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना भी है। शिवरीनारायण का यह आयोजन शिक्षा के प्रति समाज की सकारात्मक सोच और सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।




