
लोकेशन: कोरबा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा के चर्चित चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में आरोपी की संलिप्तता एक डकैती कांड में भी सामने आई है।
पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज घटना में चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू को बोलेरो वाहन से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। गंभीर रूप से घायल चंद्रमणि की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद कोरबा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया।




पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने घटना से जुड़े 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
जांच के दौरान राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी सक्ती, हाल मुकाम विकास नगर कुसमुंडा की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
विवेचना के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की संलिप्तता बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी पाई गई है। इस मामले में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों को लेकर जांच अभी भी जारी है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपराध से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।




