छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

पाकिस्तान स्लीपर सेल नेटवर्क मामले के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस हाई अलर्ट, किरायेदार सत्यापन और निगरानी अभियान तेज

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में पाकिस्तान से जुड़े कथित स्लीपर सेल नेटवर्क के लिए काम करने के आरोप में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिलेभर में सघन सत्यापन और निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अब किरायेदारों, नए कर्मचारियों और बाहरी व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।



एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जांच और सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने मकान मालिकों, होटल संचालकों, उद्योगों और संस्थानों से अपील की है कि वे किरायेदारों और नए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। जानकारी छिपाने या सत्यापन नहीं कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193199 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि “आपकी सतर्कता ही जिले की सुरक्षा है।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button