हाइवे पर धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार, यातायात पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना

लोकेशन: जांजगीर-चांपा / रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले में यातायात पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी घटना टल गई। सारागांव थाना क्षेत्र के हाइवे रोड स्थित उत्तम ढाबा के पास एक युवक लोहे के धारदार कत्तानुमा हथियार के साथ राहगीरों को धमका रहा था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस बीते 6 मई को सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों से सूचना मिली कि हथनेवरा निवासी प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष) हाथ में धारदार लोहे का हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम, स.उ.नि. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। मामला सारागांव थाना क्षेत्र का होने के कारण आरोपी को थाना सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने आरोपी के खिलाफ आर्म एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




