
सूरजपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर संयुक्त टीम ने भैयाथान क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रेत परिवहन करते हुए चार हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व विभाग और जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भैयाथान के गंगोटी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान चार हाईवा वाहनों में करीब 56 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर थाना बसदेई के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही संबंधित प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेत, पत्थर, गिट्टी, मुरूम और मिट्टी सहित किसी भी खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन जब्ती के साथ-साथ नियमानुसार अर्थदंड भी लगाया जाएगा।
सूरजपुर प्रशासन का कहना है कि अवैध खनिज कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




