
दुर्ग जिले की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 9 जनवरी 2026 को साकेत नगर कोहका निवासी ऋतिक प्रसाद गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात घर लौटते समय पुरानी रंजिश के चलते सोनू यादव, अमन साव, ऋषभ तिवारी और प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और डंडे तथा हाथ में पहने कड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले में थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार की तलाश कर रही थी।
लगातार तकनीकी और मैदानी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या फरार आरोपियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




