
दुर्ग जिले के नेवई थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को नेवई थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम रिसाली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आजाद मार्केट स्थित ब्यूल हेवन बार के पास एक युवक धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संतोष यादव उर्फ बाठू (22 वर्ष) निवासी रूआबांधा बस्ती, भिलाई नगर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक जय प्रकाश खांडे, प्रधान आरक्षक हेमंत चंदेल, आरक्षक रवि बिसाई एवं नारायण लाल ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




