छत्तीसगढ़सूरजपुर

जिलेवासियों के लिए बड़ी राहत, बिश्रामपुर में लगेगी लाइफ लाइन एक्सप्रेस

सूरजपुर जिलेवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जिले से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से लाइफ लाइन एक्सप्रेस यानी ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ पहुंचने जा रही है। 5 सितंबर तक चलने वाले इस शिविर में नेत्र, कान, दंत, प्लास्टिक और अस्थि रोगों की निःशुल्क जांच और सर्जरी की जाएगी। महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सूरजपुर जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में ये बड़ी पहल है। बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर 16 अगस्त से लाइफ लाइन एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा।

इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफ लाइन एक्सप्रेस परियोजना के तहत 21 दिनों तक जिलेवासियों को निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी।

इस शिविर में 16 से 21 अगस्त तक नेत्र रोगों की जांच और 17 से 22 अगस्त तक सर्जरी की जाएगी। इसके बाद 22 से 27 अगस्त तक कान से संबंधित बीमारियों की जांच और 23 से 28 अगस्त तक सर्जरी होगी।

प्लास्टिक सर्जरी के लिए 28 से 31 अगस्त तक जांच और 29 अगस्त से 1 सितंबर तक सर्जरी की जाएगी। वहीं, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की अस्थि रोग संबंधी सर्जरी भी की जाएंगी। वहीं दांत के रोगों से परेशान मरीजों के लिए 1 से 5 सितंबर तक इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 16 से 21 अगस्त तक स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।

यानी जिलेवासियों को एक ही स्थान पर कई गंभीर बीमारियों की जांच और इलाज की सुविधा निःशुल्क मिलने जा रही है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। वहीं, भर्ती मरीज के साथ केवल एक परिजन को ही रहने की अनुमति दी जाएगी।

लाइफ लाइन एक्सप्रेस से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button