
रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने झारखंड निवासी आरोपी को ट्रेलर चलाते समय दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

महिला थाना रायगढ़ में 35 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी मो. सुल्तान अंसारी उर्फ सुल्तान खान ने प्रेम संबंध बनाकर विवाह का झूठा वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को धोखे में रखकर उसके गहने गिरवी रखवाए और उससे प्राप्त रकम भी अपने पास रख ली। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। जब पीड़िता ने विवाह की बात की तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

महिला थाना प्रभारी की रिपोर्ट पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी ट्रेलर वाहन चला रहा है। इसके बाद महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़
“महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़े अपराधों में रायगढ़ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। महिलाओं के साथ शोषण या उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही महिलाओं से किसी भी प्रकार के शोषण, धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।




