
रायगढ़ पुलिस सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुसौर क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तेतला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात पुलिस और महिला थाना की संयुक्त टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। विद्यार्थियों से स्वयं हेलमेट पहनने और अपने परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि तेतला क्षेत्र सड़क दुर्घटनाओं की अधिकता के कारण ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। यदि स्थानीय नागरिक और वाहन चालक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो इस क्षेत्र को ब्लैक स्पॉट की श्रेणी से बाहर लाया जा सकता है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं।
महिला थाना की टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। “हेलो सिस्टर हेल्पलाइन” के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या अन्य अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।
“जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की पहचान हैं। सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रायगढ़ पुलिस की सतत प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान जिले के अन्य स्कूलों और कॉलेजों में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।




