छत्तीसगढ़जशपुर

ऑपरेशन ‘आघात’ में बड़ी कार्रवाई : 1.21 करोड़ का 552 किलो गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य का 552 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत हुई इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ आरोपी पुलिस की घेराबंदी देखकर मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा 552 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जशपुर जिले के कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र में की गई।

मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन लग्जरी कारें—इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा—भी जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से तपकरा-कुनकुरी मार्ग होते हुए अंबिकापुर की ओर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button