जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 लाख के गांजा और नशीली टेबलेट का किया गया नष्टीकरण

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा /लोकेशन: जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस ने करीब 63 लाख रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थ—गांजा और नशीली टेबलेट—का विधिवत नष्टीकरण किया है।

यह कार्रवाई 20 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई। जप्त किए गए 123 किलो गांजा और नशीली टेबलेट को प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चांपा के फर्नेस (भट्ठी) में जलाकर नष्ट किया गया।
ये सभी मादक पदार्थ जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए थे। पूरे अभियान का संचालन प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में किया गया।
नष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, आबकारी विभाग, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी सहित पुलिस और प्लांट स्टाफ मौजूद रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




