छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

स्कूल के प्रधान पाठक पर गंभीर आरोप, अभिभावकों ने की कार्रवाई की मांग

जांजगीर-चांपा जिले के डोंगा-कोहरोद स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक पर गंभीर आरोप लगने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रधान पाठक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग से शिकायत की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक स्कूल समय के दौरान अपने कक्ष में केवल टी-शर्ट और अंडरवियर में बैठे मिले। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वे बच्चों के सामने अशोभनीय व्यवहार करते थे और मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो देखते थे।


बताया जा रहा है कि बच्चों ने घर पहुंचकर इस संबंध में अपने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे। उनका दावा है कि मौके पर पहुंचने पर प्रधान पाठक जल्दबाजी में पैंट पहनते दिखाई दिए, जिसका वीडियो भी कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है।
घटना से नाराज ग्रामीण और अभिभावक पामगढ़ थाना पहुंचे और प्रधान पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, तत्काल निलंबन और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।


फिलहाल लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button