कोरबाछत्तीसगढ़

“सुशासन के दावे फेल! तुमान गांव में बिजली-पानी संकट से हाहाकार, भीषण गर्मी में तड़प रहे ग्रामीण”

लोकेशन – कोरबा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – सरोज रात्रे

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत तुमान में बिजली और पानी की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव में पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय पुराना ट्रांसफार्मर लगाकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया, जिससे पूरे गांव में लो वोल्टेज की समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों के मुताबिक लो वोल्टेज के कारण ना पंखे ठीक से चल पा रहे हैं, ना कूलर, ना फ्रिज और ना ही बोर मशीनें। भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।

वहीं पानी संकट ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। बोर मशीन बंद होने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। गांव के तालाब भी सूख चुके हैं, जिसके चलते पीने और नहाने के पानी के लिए ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि हाल ही में लगाए गए “जन समस्या निवारण शिविर” के बावजूद इतनी बड़ी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि यदि गांवों की मूलभूत समस्याएं ही दूर नहीं हो पा रहीं, तो ऐसे शिविर सिर्फ सरकारी दिखावा बनकर रह गए हैं।

गांव में बिजली और पानी संकट को लेकर ग्रामीणों में शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button