डॉक्टर्स डे और सीए डे पर रक्तदान महादान, चांपा में लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

लोकेशन: चांपा, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) / रिपोर्टर: शुभांशु मिश्र / दिनांक: 01/07/2026
डॉक्टर्स डे और सीए डे के अवसर पर चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सरस्वती सेवा मंडल, धरम ब्लड सेंटर और राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त पहल से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
भगिनी निवेदिता सभाकक्ष में आयोजित शिविर का शुभारंभ सीए योगेश साहू द्वारा रक्तदान के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को समिति की ओर से स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, पत्रकारों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी कश्यप, सरस्वती सेवा मंडल के पदाधिकारियों, धरम ब्लड सेंटर की टीम तथा विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
मानव सेवा के इस अभियान में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रक्तदान महादान है। इस तरह के आयोजन न केवल जीवन बचाने में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में सेवा और जागरूकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।




