
लोकेशन: बिलासपुर | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: प्रांजल सिंह
बिलासपुर के प्रमुख यातायात केंद्र महाराणा प्रताप चौक में मूलभूत जनसुविधाओं के अभाव को लेकर अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन और स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आम नागरिकों और यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।



अमान अंसारी वेलफेयर फाउंडेशन एवं स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन का ध्यान महाराणा प्रताप चौक की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि यह चौक शहर का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री, दुकानदार, ऑटो चालक और आम नागरिक आवागमन करते हैं।
ज्ञापन में सार्वजनिक शौचालय, शीतल पेयजल व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय और स्थायी ऑटो पार्किंग निर्माण की मांग की गई है। संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों, यात्रियों, पुलिसकर्मियों और ऑटो चालकों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी भूमि का जनहित में उपयोग करते हुए वहां जनसुविधाओं का विकास करने की मांग भी रखी गई है।
संगठन और व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और चौक की व्यवस्थाएं बेहतर हो सकें।




