अकलतरा के श्रीराम चौक में प्रभु श्रीराम के छायाचित्र से छेड़छाड़, लोगों में आक्रोश

रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : अकलतरा, जांजगीर-चांपा
अकलतरा नगर के पुरानी बस्ती स्थित श्रीराम चौक में लगे प्रभु श्रीराम के छायाचित्र के साथ देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने ब्लेड से छायाचित्र को फाड़ दिया, जिससे क्षेत्र में नाराजगी और आक्रोश का माहौल है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कृत्य सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने की नीयत से किया गया है। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और दोबारा ऐसी घटना सामने आना बेहद निंदनीय है।


घटना के विरोध में श्रीराम सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रीराम चौक नगर का प्रमुख धार्मिक और आस्था का केंद्र है, जहां वर्षभर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। प्रत्येक मंगलवार को यहां हनुमान चालीसा पाठ के साथ भगवान श्रीराम और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की जाती है।



स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




