
दुर्ग पुलिस के ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत उतई थाना पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले एक बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चालक पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5 हजार रुपये का चालान किया है और भविष्य में मानक साइलेंसर का उपयोग करने की हिदायत दी है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MT 5272 में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकाली जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था। सूचना की पुष्टि होने के बाद उतई पुलिस ने वाहन चालक यश कुमार मंडावी (22 वर्ष) निवासी रिसाली, भिलाई के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184A(4) के तहत 5 हजार रुपये का चालान किया। साथ ही वाहन चालक को भविष्य में मानक साइलेंसर का ही उपयोग करने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। मामले में वैधानिक कार्रवाई भी दर्ज की गई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




