
लोकेशन: रायगढ़ / रिपोर्टर: दीपक यादव
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में बढ़ती झगड़ा-मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च और पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को सख्त चेतावनी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर काशीराम चौक, गढ़उमरिया, जूटमिल मार्केट समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैग मार्च किया।








इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह सहित जूटमिल पुलिस और 6वीं बटालियन के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं युवकों को अड्डेबाजी, स्टंटबाजी, मारपीट और अनावश्यक समूहबाजी से दूर रहने की समझाइश दी गई।
फ्लैग मार्च के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी कर रहे लोगों पर कार्रवाई की गई, वहीं कई संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई। पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और किसी भी आपात स्थिति में सीधे संपर्क के लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर भी साझा किए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




