राजनीति

शहजाद पूनावाला ने भारतीय जनता पार्टी से दिया इस्तीफा, क्या वजह?

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बायो भी बदल दिया है और उससे भाजपा का जिक्र हटा दिया है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है।

सीएनएन न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पूनावाला ने पार्टी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक शहजाद पूनावाला ने अपने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। हालांकि इस फैसले को लेकर अभी तक पार्टी या उनकी तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन एक्स पर पूनावाला ने खुद अपना अपडेटेड बायो शेयर किया है। बायो में भाजपा का जिक्र नहीं है।

एक्स बायो में पीएम मोदी का जिक्र

शहजाद पूनावाला ने एक्स पर अपने बायो में पीएम मोदी का जिक्र किया है। इसमें उन्होंने खुद को पीएम मोदी का आजीवन फॉलोअर बताया है। पूनावाला का पूरा बायो कुछ इस तरह से है, “धर्म इस्लाम, संस्कृति-हिन्दू विचारधारा-भारतीय। लेखक: जीएसटी की यात्रा; पीएम मोदी का आजीवन अनुयायी।”

कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में हुए थे शामिल

इससे पहले शहजाद पूनावाला 2017 में कांग्रेस पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। कांग्रेस छोड़ते समय उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया को एक ‘दिखावा’ करार दिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली और पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बना दिया गया। तब से वे कई मंचों पर पार्टी के सबसे मुखर प्रवक्ताओं में से एक रहे थे।

इस बीच शहजाद पूनावाला ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में राजनीति में अपने सफर को लेकर कुछ संकेत दिए थे। उन्होंने एक्स पर खुद इस इंटरव्यू के कुछ अंश साझा किए थे। पॉडकास्ट में शहजाद पूनावाला कहते हैं कि 2024 के चुनावों के बाद वे राजनीति से संन्यास लेने के विषय में सोच रहे थे लेकिन फिर वे रुक गए। उन्होंने कहा, “मैंने 2024 को अपना आखिरी चुनाव मान लिया था। सक्रिय राजनीति में मुझे 18-19 साल हो गए। मैंने 2006 में ही NSUI ज्वॉइन किया था।…मेरी उम्र कम है। पर अब मुझे सक्रिय राजनीति में काफी वक्त हो गया।”

इसी इंटरव्यू में उन्होंने आगे बताया कि 2024 के चुनावों के बाद भी वे अब तक क्यों रुके हुए थे। उन्होंने कहा, “2024 में मैंने सोचा था कि मोदी जी जब तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तब मैं सक्रिय राजनीति से अलग हो जाऊंगा। लेकिन तब सोशल मीडिया पर मोदी जी के चेहरे पर मुझे एक भाव दिखा। तब मैंने सोचा कि अगले एक दो साल जो कुछ अहम चुनाव हैं, बंगाल, दिल्ली, हरियाणा का चुनाव, इनमें पूरी ताकत लगाकर, जीतकर, तब सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय होगा।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button