
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बिजली पावर सप्लाई तार चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। तिफरा सेक्टर-डी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार बंडल बिजली तार और वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए विद्युत पोल खड़े कर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार लगाया गया था। वर्तमान में यहां पावर सप्लाई बंद थी। इसी दौरान 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब 45 हजार रुपये कीमत का बिजली तार चोरी कर ले गए। शिकायत के बाद सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 571/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान नीतेश पंडित, राजेश राय उर्फ रात्रे, विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बिजली तार चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए चार बंडल बिजली तार बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के खिलाफ अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा क्षेत्र के विभिन्न थानों में अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी भी मिली है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बिजली तार चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी आकाश चौधरी के निर्देशन में सिरगिट्टी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




