कबीरधामछत्तीसगढ़

कबीरधाम में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, कलर प्रिंटर से छाप रहे थे नकली नोट, 12.50 लाख की नकली करेंसी जब्त

कबीरधाम जिले में नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कलर प्रिंटर के जरिए नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने की कोशिश कर रहे थे। चौकी पोंडी, थाना बोडला और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। साथ ही नकली नोट बनाने में इस्तेमाल कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी कार भी जब्त की गई है।


मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के मुताबिक दिनेश ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस करने के नाम पर आरोपियों ने दिनेश को पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया। रात करीब 9 बजे दिनेश अपने परिचित के साथ मौके पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने काले बैग में रकम दी। नोटों की जांच करने पर संदेह हुआ और बैग खोलकर देखने पर 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट मिले।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में नकली नोट छापने के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक सतीश कुमार ने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में खपाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।


जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था और नए बस स्टैंड के पास किराये का मकान लेकर नकली नोट छापने का काम शुरू किया था। पुलिस के अनुसार रामप्रसाद और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे, जबकि सतीश कुमार उनके साथ नकली नोटों की डिलीवरी करने जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली नोटों के अलावा एक कलर प्रिंटर, एक मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक सतीश कुमार से 2 लाख रुपये, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4 लाख 50 हजार रुपये और घुरवा राम से 1 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। वहीं प्रार्थी द्वारा बरामद कराए गए 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोटों को मिलाकर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की नकली करेंसी जब्त की गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ चौकी पोंडी, थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
सतीश कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।
रामप्रसाद उर्फ रमऊ, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।


बाइट:
जितेंद्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम।

फिलहाल कबीरधाम पुलिस इस पूरे नकली नोट नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने नकली नोट तैयार किए और जिले में इन्हें कहां-कहां खपाया गया। साथ ही पुलिस नकली नोटों की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध नोट और वित्तीय लेन-देन के मामलों में सतर्क रहने तथा जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button