यातायात नियमों के उल्लंघन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 1,035 वाहनों पर कार्रवाई, 5.26 लाख रुपये का जुर्माना

छत्तीसगढ़ के संस्कारधानी राजनांदगांव में यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 1,035 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 लाख 26 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में राजनांदगांव शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया। नया बस स्टैंड चौक, महावीर चौक, खैरागढ़ रोड, भगत सिंह चौक, रेलवे स्टेशन रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, पुराना बस स्टैंड, गंज चौक, नंदई चौक, महामाया चौक, तिरंगा चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पुलिस की टीम ने वाहनों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 556 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना वैध लाइसेंस ई-रिक्शा चलाने वाले 29 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन प्रवेश कराने वाले 3 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 429 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 1,035 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 लाख 26 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

बाइट:
कीर्तन राठौर, एएसपी राजनांदगांव
फिलहाल राजनांदगांव यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।




