
भिलाई में स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने चोरी के दो मामलों का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात समेत करीब 8 लाख रुपये की चोरी की मशरूका बरामद की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दरअसल, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसिन खान ने स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके 17 वर्षीय नाबालिग भांजे को धमकाकर घर से सोने के जेवरात लाने के लिए दबाव बनाया गया। इसके बाद नाबालिग के माध्यम से दो सोने की अंगूठी, हार, कान की बाली और मंगलसूत्र चोरी कराया गया।
शिकायत मिलते ही स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुराग कुर्रे उम्र 18 वर्ष, करन सोनी उम्र 25 वर्ष और रोहित गुप्ता उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर इस मामले में चोरी किए गए सोने के जेवरात के साथ स्मृतिनगर चौकी के एक अन्य चोरी के प्रकरण की मशरूका भी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में कुल करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नाबालिग को धमकाकर उसके माध्यम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और मामले में आगे की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी नाबालिग को धमकाने, दबाव बनाने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।




