छत्तीसगढ़रायगढ़

CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 29 गिरफ्तारी

रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन ‘क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा को गांव में घेराबंदी कर पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार दिसंबर 2025 से गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में लिबरा CHP चौक पर धरना-प्रदर्शन चल रहा था। 27 दिसंबर 2025 को आंदोलन के दौरान स्थिति हिंसक हो गई थी। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि शासकीय वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना भी सामने आई थी।

घटना के संबंध में थाना तमनार में कुल 16 अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अनिल बेहरा, उम्र 37 वर्ष, निवासी लिबरा, इन मामलों में नामजद था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल बेहरा को उसके गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 49 बीएनएस और धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन ‘क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में अब तक कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फिलहाल CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तारियों की संख्या 29 पहुंच गई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले की विवेचना को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button