जांजगीर-चांपा के होनहारों ने रचा इतिहास: बोर्ड परीक्षा में जिले का नाम रोशन

लोकेशन जांजगीर चांपा / रिपोर्टर शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में जिले के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाकर नई उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

10वीं कक्षा में जांजगीर के विवेकानंद स्कूल के दो छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। नैतिक गौतम ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया, वहीं लोकेश राठौर ने 97.67 प्रतिशत अंकों के साथ 9वीं रैंक पाई। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर स्कूल और परिवार में उत्साह देखा जा रहा है।

इसी तरह 12वीं बोर्ड में चांपा की खुशबु देवांगन ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया। वह सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा की छात्रा हैं और उनकी सफलता ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इन तीनों छात्रों की कामयाबी उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि जांजगीर-चांपा के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।




