
लोकेशन सक्ति जिला / रिपोर्टर लाला उपाध्याय
सिंघीतराई में कुछ दिन पूर्व वेदांता पावर प्लांट में हुई हृदय विदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इस हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद लगातार न्याय और मुआवजे को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की टीम जांच के उद्देश्य से डभरा पहुंची। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी के विधायक और नेताओं का दल मौके पर पहुंचकर मृतक मजदूरों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग कर चुका है। युवा कांग्रेस के प्रतिनिधि आज पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर यह जानने पहुंचे कि घोषित मुआवजा वास्तव में मिला है या नहीं।
टीम डभरा थाने भी पहुंची, जहां उन्होंने हादसे से संबंधित एफआईआर की कॉपी देखने की मांग की। हालांकि, वहां मौजूद थाना प्रभारी (TI) ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन मामला “संवेदनशील” होने के कारण उसकी कॉपी नहीं दिखाई जा सकती।



इस पर युवा कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एफआईआर दर्ज हो चुकी है, तो उसे सार्वजनिक करने में क्या आपत्ति है।
युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि मामले में सामान्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने जिले के अधिकारियों से भी चर्चा की है, जिन्होंने जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।


युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो वे आंदोलन और धरने का रास्ता अपनाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेदांता प्लांट हादसे में मृत मजदूरों के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बाइट आकाश शर्मा युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष




