अंधविश्वास फैलाने के आरोप में सहायक शिक्षिका निलंबित

जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर है। बलौदा विकासखंड के काठापाली प्राथमिक स्कूल की सहायक शिक्षिका गीता कुम्भकार को अंधविश्वास फैलाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने वायरल वीडियो और जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षिका पर बच्चों से कथित तौर पर लाल कपड़े में बंधे नारियल और चावल के माध्यम से टोना-टोटका कराने का आरोप लगा था। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कराई।

जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विभाग के अनुसार, नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान सहायक शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, बलौदा निर्धारित किया गया है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालयों में अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण से समझौता करने वाले मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




