सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक किलो 20 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लाटर हाउस के सामने आर.के. ग्राउंड के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव चौहान (39 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, बॉम्बे आवास, जामुल, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद कैरी बैग से 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर गांजा रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव नारायण सिंह सहित सुपेला पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




