
दुर्ग पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग टीम लगातार महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।





थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र के श्री नारायण गुरु स्कूल में पिंक पेट्रोलिंग टीम ने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों से संवाद किया। वहीं थाना मोहन नगर क्षेत्र के जय पब्लिक स्कूल और शासकीय प्राथमिक शाला कैलाश नगर में छात्र-छात्राओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 और अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग के लिए जागरूक किया गया। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
पिंक पेट्रोलिंग टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों और ठेला व्यवसायियों के बीच पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। पुलिस ने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी घटना की जानकारी तुरंत डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित समाज के निर्माण में जनता की सतर्कता और सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।




