
बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बाइक के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 को इंटरसिटी होटल के पास रहने वाले साहिल सिंह ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि होटल इंटरसिटी के पास खड़ी उसकी यामाहा मोटरसाइकिल को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
शिकायत के आधार पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 410/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) के तहत मामला कायम किया गया। इसके बाद पुलिस टीम चोरी गई मोटरसाइकिल और आरोपियों की तलाश में जुट गई।

जांच के दौरान पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो युवक एक मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट निकालकर घूमते हुए पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ा और वाहन के संबंध में पूछताछ की।
वाहन के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने जांच की, जिसमें मोटरसाइकिल चोरी की होना सामने आया। पुलिस ने चोरी की यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BQ 4051 बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन पटेल उम्र 19 वर्ष, निवासी तखतपुर पाठकपारा वार्ड नंबर 6 और शेख इरफान उम्र 23 वर्ष, निवासी बड़े बेरला, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच आगे भी जारी है।




