
कोरबा जिले के हरदीबाजार-नेवसा मार्ग पर लीलागर नदी पर नया पुल तैयार हो चुका है, लेकिन पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण अधूरा होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो बारिश के दौरान एक बार फिर इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो सकता है।





हरदीबाजार-नेवसा मार्ग पर बना नया पुल क्षेत्र के कई गांवों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आया था, लेकिन पुल तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने केवल गिट्टी बिछाकर काम बंद कर दिया, जिससे बारिश में रास्ता खराब होने की आशंका बनी हुई है।
यह मार्ग हरदीबाजार, नेवसा, उतरदा, सिरली, कसियाडीह सहित कई गांवों को जोड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो पुराने पुल की तरह इस बार भी संपर्क टूट सकता है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल ने इसे निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की लापरवाही बताते हुए मामले की शिकायत कलेक्टर से करने की बात कही है। वहीं स्थानीय नागरिक राजाराम राठौर ने प्रशासन से जल्द एप्रोच रोड का निर्माण पूरा कराने की मांग की है।
फिलहाल पुल तैयार है, लेकिन अधूरी एप्रोच रोड के कारण लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन बारिश से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लोगों की परेशानी दूर करता है या नहीं।




