छत्तीसगढ़जशपुर

“जशपुर में आधी रात का खौफनाक मंजर! घर में घुसकर लूट, बहू की हत्या की कोशिश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार”

दीपक वर्मा – जशपुर / लोकेशन – कुनकुरी

जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आधी रात घर में घुसकर लूटपाट के साथ महिला की हत्या की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।

मिली जानकारी अनुसार घटना 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे की है। जहां खारीझरिया निवासी कियाराम यादव अपने घर में सो रहे थे, तभी बहू के कमरे से चीखने की आवाज आई। मौके पर पहुंचने पर एक युवक कमरे से भागता हुआ दिखा, जो बाहर खड़े अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी जबरन घर में घुसा, अलमारी खोलने लगा और विरोध करने पर तकिए से मुंह दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
इसके बाद आरोपी करीब 2 लाख 10 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और चांदी के पायल लूटकर फरार हो गए।

पुलिस को सूचना मिलते ही कुनकुरी उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने तत्काल अपनी पुलिस टीम गठित कर, मामले में तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कुनकुरी पुलिस ने रितेश प्रताप उर्फ लक्की सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया।
साथ ही उसकी निशानदेही पर 18 हजार रुपये नगद, एक मोबाईल फोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए “एच एफ डीलक्स” मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

फिलहाल, पुलिस आगे की कार्यवाही करते हुए, अन्य फरार दो आरोपियों की गंभीरता से तलाश कर रही है।

जशपुर जिले से दीपक वर्मा की रिपोर्ट

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button