
रिपोर्टर : सुरेन्द्र साहू / लोकेशन : सूरजपुर, छत्तीसगढ़
लोन और ऋण माफी का झांसा देकर हड़पे करीब 10 लाख रुपये, पुलिस ने भेजा जेल
सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड यानी केसीसी लोन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर किसानों को लोन दिलाने और ऋण माफी का झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने करजी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार चंदननगर निवासी मोतीराम सिंह की शिकायत पर आरोपी गोरेलाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने केसीसी के माध्यम से लोन दिलाने और ऋण माफी कराने का झांसा देकर मोतीराम सिंह और उनके पिता के संयुक्त खाते से लगभग 9 लाख 95 हजार रुपये का ऋण निकलवाया। आरोपी ने पीड़ित को केवल एक लाख रुपये दिए और शेष राशि स्वयं हड़प ली।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में रख लिए थे और खाते से लगातार राशि निकालता रहा। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से फरार है, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने करजी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अन्य ग्रामीणों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से वाहन, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




