
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू / लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले से एक शर्मनाक और भयावह मामला सामने आया है, जहां एक युवक को चोरी के आरोप में कथित तौर पर ‘तालीबानी सजा’ दी गई। युवक का अर्ध मुंडन कर गले में चप्पल-जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया, इतना ही नहीं उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।



मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज से जुड़ा है, जिस पर पस्ता गांव के कुछ ग्रामीणों ने सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी का आरोप लगाया।
बताया जा रहा है कि युवक को समझौते के नाम पर गांव बुलाया गया, जहां वह अपनी पत्नी के साथ पहुंचा। इसी दौरान ग्रामीणों ने युवक का अर्ध मुंडन कर दिया और गले में चप्पल-जूते की माला पहनाकर उसके साथ मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमाया।
आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और उसे भी बेइज्जत करते हुए गांव में घुमाया गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और पूरे मामले को झूठा बताते हुए न्याय की मांग की है।


वहीं पुलिस का कहना है कि युवक संदिग्ध स्थिति में गांव में देखा गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी में यह कृत्य किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
इस मामले में सरपंच पति का भी बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों की नाराजगी को कारण बताया, हालांकि खुद को घटना में सीधे तौर पर शामिल होने से इंकार किया है।




फिलहाल इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं… अब देखना होगा कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।




