10 महीने बाद डीजल चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, पंजाब के अमृतसर से चांपा पुलिस को मिली बड़ी

जांजगीर-चांपा पुलिस को डीजल चोरी के चर्चित मामले में बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 महीने से फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना चांपा पुलिस ने सितंबर 2025 में दर्ज डीजल चोरी के मामले में फरार आरोपी रंजीत सिंह (55 वर्ष) को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दो मालवाहक ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी कर ली थी। इतना ही नहीं, ट्रकों के टायर भी बदल दिए गए थे, जिससे वाहन मालिकों को अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ा।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर अमृतसर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले के दूसरे आरोपी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित चांपा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




