
बिलासपुर रेंज में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और प्रिवेंटिव पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने नई रणनीति तैयार की है। आईजी राम गोपाल गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को अपराधियों पर सख्त निगरानी रखने और कानूनी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।


बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने ऑनलाइन कार्यशाला में सभी एसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए ‘एक गुंडा–एक जवान’ नीति लागू करने और गुंडा व निगरानी बदमाशों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
कार्यशाला में अनिश्चित समय पर सरप्राइज चेकिंग, अपराधियों का रिकॉर्ड अपडेट रखने, सक्रिय अपराधियों पर बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई, जिला बदर और जमानत निरस्तीकरण जैसी कानूनी प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।
आईजी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। साथ ही सभी कार्रवाई कानून के दायरे में और मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए की जाएगी।
इस ऑनलाइन कार्यशाला में बिलासपुर रेंज के करीब 200 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। अब इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक करेंगे, ताकि अपराधों पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।




