
नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे को लेकर कोरबा के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने कैंडल मार्च निकालकर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति एकजुटता जताते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।

रामपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कैंडल मार्च में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं रामपुर विधानसभा प्रभारी जगलाल राठिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर सभी ने छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने नीट परीक्षा लीक मामले को गंभीर बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने मांग की कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कैंडल मार्च के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताते हुए सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की। पार्टी का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज आगे भी बुलंद होती रहेगी।




