
रायगढ़ पुलिस ने सहारा इंडिया निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साल से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने कोतरारोड़ क्षेत्र से सहारा इंडिया के पूर्व ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पर 3,848 निवेशकों से करीब 40 करोड़ 78 लाख रुपये जमा कराकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। निवेशकों को राशि परिपक्व होने के बाद भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय पूरा होने के बावजूद उनकी रकम वापस नहीं की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से कंपनी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और इस घोटाले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
बाइट:
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराधों और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।




