
सक्ति जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित आरकेएम पावर प्लांट, उच्चपिड़ा में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर प्लांट के मुख्य गेट पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।



जानकारी के अनुसार ग्राम धोबनीपाली निवासी 37 वर्षीय सर्विल बघेल, आरकेएम पावर प्लांट में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार रात बी शिफ्ट के दौरान करीब 8 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई।
सहकर्मी उन्हें तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के जिंदल हॉस्पिटल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरकेएम पावर प्लांट के गेट क्रमांक-1 के सामने शव रखकर गेट बंद कर दिया और उचित मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो लगातार जारी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से लगातार चर्चा कर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल प्लांट प्रबंधन, प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत जारी है। सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि मृतक के परिजनों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है और धरना कब तक समाप्त होता है।




