जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में जांजगीर-चांपा में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान और PM मोदी का पुतला दहन

जांजगीर-चांपा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़े जाने की घटना के विरोध की गूंज अब जांजगीर-चांपा जिले में भी सुनाई देने लगी है। युवा कांग्रेस के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर एकत्रित हुए तथा केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए रैली निकाली।





प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उनका आरोप था कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसके लिए केंद्र सरकार जवाबदेह है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुई कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने देश में बिगड़ती व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए उनका भी प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौक पर कुछ समय के लिए माहौल गरमाया रहा। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से इन आरोपों पर इस संदर्भ में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




