
जशपुर जिले के कुनकुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली के जंतर-मंतर में पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतर आई।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुनकुरी के नेतृत्व में बस स्टैंड परिसर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने कहा कि पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, इसलिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज किया गया और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश जताया।

बाइट:
यूडी मिंज, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुनकुरी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




