
सूरजपुर जिले के ग्राम सस्तोपीट में बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। वर्षों से जर्जर सड़क और बरसात में जलभराव की समस्या से नाराज़ ग्रामीणों ने सड़क पर भरे पानी में धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की हालत नहीं सुधरी, जिसके बाद उन्होंने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।

भाजपा नेता दुर्गा गुप्ता और सरस्वतीपुर के उप सरपंच गोवर्धन राम केवट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने जलभराव वाली सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि बरसात में यह पूरी तरह तालाब में बदल जाती है और आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोज़ाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज़ होकर ग्रामीणों ने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल यह अनोखा प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।




