
दुर्ग में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह पर ले गए थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर महिला से रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि दूसरे ने पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर उसे मार डाला।
वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र का है।




