
लोकेशन: बिलासपुर | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: प्रांजल सिंह
बिलासपुर के युवा हॉकी खिलाड़ी अवि माणिकपुरी का गुरुवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाले अवि ने पूरे छत्तीसगढ़ और बिलासपुर का नाम रोशन किया है।


हॉकी बिलासपुर एवं छत्तीसगढ़ हॉकी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल शामिल हुए, जबकि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने एशिया कप विजेता खिलाड़ी अवि माणिकपुरी को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि अवि माणिकपुरी की सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में हॉकी खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित खेल पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।




