मुख्यमंत्री के दौरे से पहले युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में, कार्यक्रम के बाद रिहा

लोकेशन: बम्हनीडीह, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) / रिपोर्टर: शुभांशु मिश्र / दिनांक: 02/07/2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बम्हनीडीह दौरे से पहले जांजगीर-चांपा पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस नकटी गांव में कथित रूप से गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने की तैयारी कर रही थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ओम सिटी स्थित युवा कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचकर जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया। इस दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
रिहाई के बाद युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने आरोप लगाया कि नकटी गांव में गरीब परिवारों के साथ अन्याय हुआ है और प्रशासन ने पुलिस बल का इस्तेमाल कर विरोध की आवाज दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उठाया गया कदम बताया जा रहा है। वहीं युवा कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए आगे भी विरोध जारी रखने की बात कही।




