
लोकेशन: कोरबा / रिपोर्टर: सरोज कुमार रात्रे / दिनांक: 03/07/2026
कोरबा जिले में एक पत्रकार की पहचान के कथित दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। पत्रकार सरोज कुमार रात्रे के नाम और पते का इस्तेमाल कर सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत दो फर्जी आवेदन भेजे जाने का आरोप लगा है। पीड़ित पत्रकार का कहना है कि उन्होंने कोई आवेदन नहीं भेजा और न ही किसी को इसकी अनुमति दी। मामले की शिकायत उरगा थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

शिकायत के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्रकार सरोज कुमार रात्रे की पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए उनके नाम और पते से दो आरटीआई आवेदन संबंधित विभागों को भेज दिए। जब इस मामले की जानकारी पत्रकार को मिली तो उन्होंने इसे गंभीर साजिश बताते हुए तत्काल उरगा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आवेदन भेजे जाने के संभावित माध्यम की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, डाक एवं ई-स्टॉप से जुड़े रिकॉर्ड सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पहचान की सुरक्षा और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसने पत्रकार के नाम का इस्तेमाल किया? इसके पीछे उद्देश्य क्या था? क्या यह किसी को बदनाम करने की साजिश थी या किसी अन्य मकसद से पहचान का दुरुपयोग किया गया? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।




