छत्तीसगढ़रायगढ़

7 दिन में बाइक चोरी का खुलासा, निगरानी बदमाश गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज सात दिनों में बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद करते हुए 16 मामलों के निगरानी बदमाश को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को तुर्कुमुड़ा निवासी दूध विक्रेता अर्जुन मौर्य ने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई थी कि झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने के दौरान उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने थाना जूटमिल के पीछे घेराबंदी कर कबीर चौक निवासी निगरानी बदमाश दीपक बरेठ (34) को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि बाइक में रखे दूध के तीन डिब्बों को उसने केलो नदी में फेंक दिया था, जो तेज बहाव में बह गए।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी दीपक बरेठ के खिलाफ लूट, चोरी, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button