
सक्ती जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी कर समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाओं के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के लिए विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन और सेवा सेतु के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को बाढ़ एवं जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट रखने तथा किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।




