कोरबाछत्तीसगढ़

बलगीखार स्कूल में ‘दिया’ का जागरूकता अभियान, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

कोरबा जिले के करतला विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में विद्यार्थियों को संस्कार, राष्ट्रभक्ति और नशामुक्त जीवन का संदेश देने के उद्देश्य से प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा संगठन “दिया” द्वारा आयोजित डिवाइन वर्कशॉप और “नशा मुक्त भारत” अभियान के माध्यम से छात्रों को चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलगीखार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और व्यसनमुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


मुख्य वक्ता कन्हैया लाल चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने समय का सदुपयोग, आत्मअनुशासन, स्वाध्याय और सेवा को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि चरित्रवान और नशामुक्त युवा ही भारत को विश्वगुरु बना सकते हैं।
दिया संगठन की नारी जागरण प्रमुख सविता साहू और आस्था साहू ने सकारात्मक सोच, व्यक्तित्व विकास और नशे के दुष्परिणामों पर प्रेरक सत्र लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में सही दिशा चुनने का आह्वान किया।
जिला संयोजक विजेंद्र यादव ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र केवट ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी साहित्य भेंट कर नियमित स्वाध्याय और आत्मविकास का संदेश दिया।


विद्यालय के प्राचार्य स्नेह शर्मा एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने “नशा मुक्त भारत – संस्कारयुक्त भारत” के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ, संस्कारित और जागरूक युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button